सिद्धार्थनगर। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन शोहरतगढ़ तहसील के बाणगंगा बैराज और अति प्रभावित ग्राम खैरी शीतल प्रसाद पहुंचे। डीएम ने मोटरबोट से जलमग्न मजरों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
बाणगंगा बैराज के निरीक्षण के दौरान जलस्तर में कमी की जानकारी मिली। जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को बंधों पर 24 घंटे निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। इसके बाद वह मोटरबोट से पानी से घिरे मजरों में पहुंचे और ग्रामीणों की स्थिति देखी।
डीएम ने एसडीएम शोहरतगढ़ को बाढ़ और बारिश से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराने तथा किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई पूरी करने को कहा। जलमग्न मजरों में तत्काल भोजन और लंच पैकेट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने गांववार बुजुर्गों, बीमार लोगों, महिलाओं और अन्य जरूरतमंदों को चिन्हित करने को कहा। विशेष रूप से ऐसी गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिनका प्रसव अगले 15 से 20 दिनों में संभावित है। ऐसी महिलाओं को समय रहते सुरक्षित स्थान या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने को कहा गया, ताकि आपात स्थिति में परेशानी न हो।
बाढ़ के बाद संभावित बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। मेडिकल टीमों को प्रभावित गांवों में जाकर स्वास्थ्य जांच करने तथा जरूरत के अनुसार दवाएं और ओआरएस वितरित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम शोहरतगढ़ राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड कृपा भारती, सहायक अभियंता मालविका जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बाढ़ के बीच मोटरबोट से मजरों में पहुंचे डीएम, राहत में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
बाणगंगा बैराज का निरीक्षण, फसल क्षति सर्वे और भोजन वितरण के निर्देश
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।