नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा अभियान’ में युवाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देशभर में बड़ी संख्या में युवाओं ने नशीले पदार्थों से दूर रहने का संकल्प लिया है और अब वे दूसरों को भी जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि 100 सप्ताह तक चलने वाला यह अभियान माई भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों के साथ स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा सामाजिक और आध्यात्मिक संगठनों की भागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान के तहत देश के विभिन्न हिस्सों में संकल्प समारोह और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।मोदी ने युवाओं के रचनात्मक संवाद के लिए शुरू की गई ‘नशा-मुक्ति का संदेश’ पहल का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवा स्थानीय भाषाओं और रचनात्मक माध्यमों के जरिए नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ संदेश समुदायों तक पहुंचा रहे हैं।
माई भारत ( My BHARAT) मंच के माध्यम से युवाओं को अभियान से जोड़ने के लिए गान, स्लोगन लेखन और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। सोशल मीडिया पर #NashaMuktYuva के जरिए भी युवा अभियान से जुड़े संदेश साझा कर रहे हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि अभियान में संदेश देने के साथ-साथ उसे लोगों तक पहुंचाने के माध्यम और रचनात्मक ऊर्जा की भूमिका भी युवा निभा रहे हैं। आने वाले दिनों में युवाओं के बीच स्वस्थ जीवनशैली और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य जांच और ध्यान शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
पीआईबी के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य युवाओं में नशीले पदार्थों के सेवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना और नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प को मजबूत करना है।l