तनाऊ नदी का कहर; बुटवल में छह घर बहे, 200 घराने खतरे में : नेपाल
लगातार बारिश के कारण तनाऊ नदी और आसपास के खोलाओं में जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद बुटवल के तटीय इलाकों में करीब 200 घर बाढ़ के खतरे की चपेट में आ गए।
बुटवल, नेपाल। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद तनाऊ नदी में आई भीषण बाढ़ ने बुटवल में भारी तबाही मचा दी। नदी के किनारे स्थित छह घर तेज नदी के बहाव में बह गए। इनमें दो पक्के और चार कच्चे मकान शामिल हैं। घटना शनिवार रात बुटवल उपमहानगर पालिका-11 के टप मझुवा क्षेत्र में हुई।रूपन्देही जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता डीएसपी कृष्ण कुमार चन्द ने बताया कि बाढ़ के तेज बहाव ने नदी किनारे बने छह घरों को बहा दिया। लगातार बारिश के कारण तनाऊ नदी और आसपास के खोलाओं में जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद बुटवल के तटीय इलाकों में करीब 200 घर बाढ़ के खतरे की चपेट में आ गए।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रात में ही बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। बुटवल-11 के मझुवा और तनाऊ नदी के आसपास के अत्यंत जोखिम वाले इलाकों में रह रहे करीब एक हजार लोगों को पहले चरण में दुर्गा मंदिर होल्डिंग सेंटर पहुंचाया गया। इलाका पुलिस कार्यालय बुटवल के डीएसपी निशान्त श्रीवास्तव के अनुसार बाद में प्रभावित लोगों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर भी पहुंचाया गया।पीड़ितों के ठहरने की व्यवस्था बुटवल-11 के देवी नगर स्थित नवीन औद्योगिक, रीता कदर मा वि, अजिर सिंह मा वि और कान्ति मा वि समेत विभिन्न स्थानों पर की गई है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के बाद सुरक्षा बल जोखिम वाले इलाकों में राहत, खोज और बचाव अभियान में जुटे रहे।बुटवल में शनिवार शाम करीब सात बजे से मध्यरात्रि तक अत्यधिक बारिश हुई, जिससे नदियों और नालों में अचानक उफान आ गया। हालांकि ताजा सूचना के अनुसार फिलहाल बारिश रुक गई है और स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। इसके बावजूद तनाऊ नदी के किनारे रहने वाले सैकड़ों परिवारों पर खतरा बना हैं
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।