संतकबीरनगर।खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के भकठान गोसाईपुर गांव में पहलवान ब्रह्मानंद यादव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चार बांस के डंडे, एक लोहे की गैंती और लाल मिर्च पाउडर बरामद किया है।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे तथा एसओजी प्रभारी रजनीश राय की टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिमन्यु यादव, अजय यादव, रामस्वरूप यादव, संजय यादव और राकेश यादव के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार चार आरोपियों को बयारा रोड स्थित मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि राकेश यादव को महाराजगंज जिले के भिठौली थाना क्षेत्र में शिकारपुर नहर पुलिया तिराहे से पकड़ा गया।एसपी के मुताबिक 22 सितंबर को रमाकान्त यादव ने तहरीर दी थी कि उनके भाई ब्रह्मानंद यादव बुलेट से गिढीनी बाजार जा रहे थे। राकेश यादव के घर के सामने आरोपियों ने उनकी बाइक रोक ली और उनकी आंखों में पिसी लाल मिर्च डाल दी। इससे वह गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें 112 की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार पूछताछ में राकेश यादव ने पुरानी रंजिश को घटना की वजह बताया। पुलिस का कहना है कि 18 मई की मारपीट की घटना को लेकर मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी रंजिश में आरोपियों द्वारा ब्रह्मानंद को रास्ते से हटाने तथा आगामी प्रधानी चुनाव में उनके भाई रमाकान्त यादव को हराने की योजना बनाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक राकेश ने ब्रह्मानंद की आंखों में मिर्च डालने और बाद में गैंती से वार करने की बात बताई है।मामले में पहले धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने धारा 191(2), 191(3), 190 और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।