छात्रा की मौत के मामले में डीजे संचालक गिरफ्तार, चौकी प्रभारी निलंबित
नगर कोतवाल को कारण बताओ नोटिस; वाहन और डीजे उपकरण बरामद, एसपी ने दिए सख्त निर्देश
बलरामपुर। डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा दो की सात वर्षीय छात्रा वैष्णवी तिवारी की कथित तौर पर म्यूजिक सिस्टम के तेज शोर से हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में डीजे संचालक और ऑपरेटर को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन और डीजे साउंड सिस्टम समेत संबंधित उपकरण भी बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, स्कूल प्रबंधक आशीष कुमार उपाध्याय की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 221/26 दर्ज किया गया है। इसमें बालाजी हाईटेक डीजे के संचालक चंद्र प्रकाश वर्मा निवासी रघुनाथपुर, इटवा और ऑपरेटर रामपाल सैनी निवासी खलवा, कोतवाली नगर को आरोपी बनाया गया है। दोनों की गिरफ्तारी कर ली गई है।विवेचना के लिए घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सुरक्षित कराया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिकअप संख्या यूपी-43 बीटी-5995 और डीजे साउंड सहित सहवर्ती उपकरण बरामद किए हैं।मामले में पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी कार्रवाई की है। मेवालाल पुलिस चौकी के प्रभारी शैलेन्द्र कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। वहीं कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा को पर्यवेक्षण में शिथिलता के आरोप में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी पुलिस अधिकारियों की (दंड एवं अपील) नियमावली, 1991 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।डीजे संचालकों पर अभियानघटना के बाद पुलिस ने जिले में डीजे संचालकों के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। थाना और चौकी स्तर पर डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि प्रसारित करने की हिदायत दी गई है। पुलिस ने सभी संचालकों को चेतावनी और नोटिस जारी करने तथा उच्चतम न्यायालय और शासन के आदेशों-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, मामले में गिरफ्तारी, बरामदगी, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने और पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई समेत अब तक कई कदम उठाए गए हैं। छात्रा की मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियों की जांच विवेचना के माध्यम से की जा रही है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।