चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनाती के बावजूद तेज आवाज में डीजे
न्यायालय के आदेशों के अनुपालन पर उठे सवाल
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। मूर्ति विसर्जन और धार्मिक आयोजनों के दौरान नगर पंचायत बढ़नी में तेज आवाज में डीजे बजाए जाने को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। वार्ड संख्या 4, 5, 9 और 10 के लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद देर रात तक तेज ध्वनि में डीजे बजने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों के अनुसार रामलीला मैदान में डीजे प्रतियोगिता के दौरान भी अत्यधिक तेज आवाज में संगीत बजाया जाता है। इससे आसपास रहने वाले बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को विशेष परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान धार्मिक आयोजन और जुलूस अपनी परंपरा एवं निर्धारित नियमों के अनुसार होने चाहिए, लेकिन ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल में निर्धारित मानकों का पालन भी जरूरी है।नागरिकों ने जिलाधिकारी को भेजे प्रार्थना पत्र में कहा है कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती के बावजूद यदि निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में डीजे बजता है तो ध्वनि प्रदूषण संबंधी न्यायालयीय निर्देशों और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुपालन पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने अधिकारियों से मौके पर ध्वनि स्तर की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।लोगों का कहना है कि अत्यधिक तेज ध्वनि केवल आसपास के निवासियों के लिए ही परेशानी का कारण नहीं बनती, बल्कि आयोजन स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा कर्मियों को भी लंबे समय तक शोर के बीच ड्यूटी करनी पड़ती है। नागरिकों ने प्रशासन से यह भी अनुरोध किया है कि डीजे प्रतियोगिता आयोजित करनी हो तो नगर क्षेत्र से बाहर उपयुक्त स्थान निर्धारित कर अनुमति और निर्धारित शर्तों के साथ आयोजन कराया जाए।प्रार्थना पत्र में पड़ोसी जनपद बलरामपुर में डीजे से जुड़ी बच्ची की मौत की घटना का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि आवश्यक है। नागरिकों ने कहा कि ऐसी घटनाओं को देखते हुए सार्वजनिक आयोजनों में ध्वनि और सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।नागरिकों ने जिलाधिकारी से त्योहारों के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था और न्यायालयीय निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।