गाजे-बाजे के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्ज
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। स्थानीय उपनगर बढ़नी में सोमवार रात गणेश पूजा समितियों की ओर से स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं का गाजे-बाजे के साथ विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इससे पहले प्रतिमाओं को नगर में भ्रमण कराया गया। चरगहवा पुल के पास आरती के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।नगर पंचायत बढ़नी के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में गणेश पूजा समितियों की ओर से प्रतिमाएं स्थापित कर कई दिनों से पूजा-अर्चना की जा रही थी। इस दौरान नगर में गणेश भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सोमवार को विसर्जन के लिए सभी पूजा समितियों की प्रतिमाओं को क्रमवार श्रीरामलीला मैदान में एकत्र किया गया। प्रतिमाओं के पहुंचने से मैदान में मेले जैसा माहौल बन गया।रात्रि में प्रतिमाओं को बारी-बारी से विसर्जन के लिए रवाना किया गया। मालगोदाम तिराहे पर आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए विसर्जन स्थल की ओर बढ़े।विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं की गई थीं। चरगहवा नदी पुल के नीचे पहुंचने के बाद पूजा समितियों ने विधि-विधान से भगवान गणेश की आरती की। इसके बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।नगर पंचायत की ओर से विसर्जन मार्ग और स्थल पर प्रकाश की व्यवस्था की गई थी। इसके लिए स्काई लिफ्ट की भी मदद ली गई। विसर्जन स्थल पर भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई, जिससे देर रात तक चलने वाले कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को सुविधा मिली।गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही नगर में कई दिनों से चल रहा गणेशोत्सव संपन्न हो गया।