सिद्धार्थनगरI जिले में एथलेटिक्स को नई गति देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एथलेटिक्स एसोसिएशन की जिला सिद्धार्थ नगर इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन रविवार को किया गया। चुनाव प्रक्रिया प्रदेश से आए पर्यवेक्षक वीआर वरुण की देखरेख में हुईI चुनाव प्रक्रिया में सदस्यों ने सर्वसम्मति से वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. चंद्रेश उपाध्याय को अध्यक्ष और सोनू गुप्त को जिला सचिव पद पर पुनः मनोनीत किया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान एसोसिएशन के सदस्यों ने संगठन की आगामी गतिविधियों और जिले में एथलेटिक्स को अधिक व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने पर चर्चा की। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने की बात कही।
कार्यकारिणी में अब्दुल मन्नान और विनोद को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई। चंद्रभान मौर्य, रवींद्र गुर्जर, गोपाल प्रसाद, सैय्यद गुलाम हुसैन रिजवी और सत्येंद्र गुप्त को संयुक्त सचिव बनाया गया। रामकृष्ण साहू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।इसके अलावा अब्दुल मुबीन, राजकुमार यादव, प्रीती जायसवाल, कमलेश भारती, निशा कुमारी, वर्तिका गौड़ और फरीदा खातून को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. चंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि जिले के खिलाड़ियों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखने के बजाय उन्हें प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिलाना भी प्राथमिकताओं में रहेगा। जिला सचिव सोनू गुप्त ने कहा कि संगठन को अधिक सक्रिय बनाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एथलेटिक्स गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों से प्रतिभावान खिलाड़ियों को जोड़ने के साथ उन्हें जिला, मंडल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सामूहिक प्रयासों से जिले में एथलेटिक्स को व्यापक आधार मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
एथलेटिक्स की नई पारी: डॉ. चंद्रेश फिर अध्यक्ष, सोनू गुप्त को सचिव की कमान
सर्वसम्मति से हुआ जिला इकाई का गठन, खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर दिलाने पर जोर
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।