भारत से सहयोग बढ़ाने का प्रस्ताव लेकर लौटे नेपाल के वित्त मंत्री वाग्ले
भोटेकोशी बाढ़ के बाद राहत में मदद के लिए भारत को धन्यवाद, पुनर्निर्माण में भी मांगा सहयोग
काठमांडू। नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले तीन दिवसीय भारत दौरा पूरा कर शनिवार को स्वदेश लौटे । भारत सरकार के निमंत्रण पर छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली पहुंचे वाग्ले ने इस दौरान मंत्रीस्तरीय वार्ताओं के साथ कूटनीतिक, सामाजिक, आर्थिक-व्यावसायिक और शैक्षणिक मंचों पर भी संवाद किया।वाग्ले ने बताया कि रसुवा में आई भोटेकोशी बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्यों में भारत सरकार की ओर से दिए गए सहयोग के लिए नेपाल सरकार की ओर से आभार जताया गया। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए भारत से आगे भी सहयोग और साझेदारी का प्रस्ताव रखा गया है।नेपाल के वित्त मंत्री के अनुसार, भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक सहयोग को नए तरीके से आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर हुई बातचीत को फलदायी बताया।वाग्ले ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के बाद पुनर्निर्माण नेपाल के सामने बड़ी चुनौती है। ऐसे में मित्र देशों के साथ सहयोग और समन्वय बढ़ाना जरूरी है। भारत के साथ हुई बातचीत में पुनर्निर्माण के साथ आर्थिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।भारत सरकार के निमंत्रण पर गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे वाग्ले शनिवार को नेपाल लौटे। तीन दिवसीय दौरे में हुई बातचीत को दोनों देशों के बीच सहयोग के मौजूदा क्षेत्रों को आगे बढ़ाने और आपदा के बाद पुनर्निर्माण में संभावित साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।