बढ़नी/सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एसएसबी ने कार्रवाई करते हुए एक कार से 18 बोरी विदेशी मक्का बरामद किया है। मंगलवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर हुई कार्रवाई के दौरान जवानों ने कार सवार एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। बरामद मक्का, कार और पकड़े गए व्यक्ति को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी 50वीं वाहिनी की बढ़नी टीम के इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बढ़नी के रास्ते एक कार से विदेशी मक्के की खेप बाहर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने निगरानी बढ़ाई। मुकेश चंद्र के नेतृत्व में जवानों ने मंगलवार रात करीब नौ बजे बढ़नी कस्बे से निकल रही एक ऑल्टो कार को रोकने का प्रयास किया।
एसएसबी के मुताबिक, चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर निकलने का प्रयास किया। संदेह होने पर जवानों ने कार का पीछा किया और एनएच-730 स्थित दुधवनिया बुजुर्ग नहर पुल के पास ओवरटेक कर उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान कार के भीतर से 18 बोरी विदेशी मक्का बरामद हुआ। इसके बाद कार चालक ज्ञानदास अग्रहरि को हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्ति ने कथित तौर पर बताया कि नेपाल के रास्ते विदेशी मक्का लाकर सीमावर्ती क्षेत्र में एक स्थान पर एकत्र किया जाता है और पर्याप्त मात्रा में माल जमा होने के बाद उसे वाहनों से बाहर भेजा जाता है। हालांकि, इस संबंध में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कस्टम विभाग द्वारा की जानी है।
एसएसबी ने बरामद मक्के, ऑल्टो कार और पकड़े गए व्यक्ति को कस्टम विभाग को सौंप दिया है। सीमा क्षेत्र में विदेशी कृषि उत्पादों की आवाजाही को लेकर हुई इस कार्रवाई के बाद संबंधित एजेंसियों की निगरानी भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नेपाल से आई विदेशी मक्के की खेप पकड़ी, कार समेत एक गिरफ्तार
बढ़नी में एनएच-730 पर एसएसबी की कार्रवाई, 18 बोरी मक्का बरामद
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।