नई दिल्ली, 15 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अभियंता दिवस के अवसर पर देश के सभी अभियंताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अभियंता निर्माण, नवाचार और समाधान के माध्यम से बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।प्रधानमंत्री ने महान अभियंता और राष्ट्र निर्माता सर एम. विश्वेश्वरैया को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विश्वेश्वरैया की असाधारण अभियंत्रण प्रतिभा और राष्ट्र निर्माण की दूरदृष्टि आज भी अभियंताओं की पीढ़ियों को प्रेरित करती है।प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि अभियंता बेहतर कल के लिए निर्माण करने, नवाचार करने और समाधान उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने सभी विलक्षण अभियंताओं को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दीं।अभियंता दिवस भारत में प्रतिवर्ष 15 सितंबर को सर एम. विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। देश के विकास में अभियंताओं की भूमिका को रेखांकित करने के साथ इस दिन उनके तकनीकी योगदान और नवाचार को भी सम्मान दिया जाता है।