बढ़नी में अंडरपास और ट्रेन ठहराव की मांग
मरीजों के लिए स्लीपर-एसी सुविधा और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा उठा
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। पूर्वोत्तर रेलवे की सलाहकार समिति की बैठक में बढ़नी क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। समिति सदस्य रोहित कुमार ‘मीत’ ने रेलवे फाटक के लंबे समय तक बंद रहने से होने वाली परेशानी का स्थायी समाधान कराने के लिए बढ़नी में अंडरपास निर्माण की मांग की। उन्होंने इसके लिए आवश्यक सर्वे और प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का आग्रह महाप्रबंधक उदय बोरवणकर से किया।रोहित कुमार ‘मीत’ ने ट्रेन संख्या 15069/15070 में स्लीपर एवं एसी कोच की सुविधा बढ़ाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती और आसपास के जिलों के लोगों को गंभीर इलाज के लिए गोरखपुर और लखनऊ जाना पड़ता है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त रेल सुविधा उपलब्ध होना जरूरी है।उन्होंने नेपाल सीमा के निकट स्थित बढ़नी रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि इससे सीमावर्ती क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा और आवागमन की सुविधा बढ़ेगी।बैठक में दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में सुगम एवं सुरक्षित सुविधाएं विकसित करने पर भी चर्चा हुई। ‘मीत’ ने दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं बढ़ाने का सुझाव दिया।इस दौरान मीत वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित लोगों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रोहित कुमार ‘मीत’ को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।