शोहरतगढ़। सिद्धार्थनगर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जीरो फैटलिटी डे (ZFD) कार्यक्रम के तहत सोमवार को शोहरतगढ़ पुलिस की क्रिटिकल कॉरिडोर टीम ने उदय प्रताप इंटर कॉलेज गोपालगंज खुरहुरिया (देवकलीगंज) में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन न चलाने और तेज गति से वाहन चलाने से बचने के लिए जागरूक किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी कई बार गंभीर सड़क हादसों का कारण बनती है। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता, भाई-बहन और परिवार के अन्य सदस्यों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की। खासकर अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नाबालिगों को वाहन न देने और स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण में हुआ। क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी यातायात राजकुमार सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ शेषमणि पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
अभियान में उपनिरीक्षक हरेंद्र शरण शुक्ल, कांस्टेबल कृष्णानंद सिंह, सुदामा यादव और नीतीश यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।