सिद्धार्थनगर। नेपाल के कपिलवस्तु जिले में शनिवार शाम बाणगंगा नदी में आई अचानक बाढ़ में बहा 10 वर्षीय बालक का शव रविवार सुबह भारत के सिद्धार्थनगर जिले में मिला। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बगुलहवा गांव के पास राप्ती नहर के सायफन में ग्रामीणों ने शव फंसा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहचान की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव नेपाल निवासी परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पहचान रियाज लामा पुत्र रन बहादुर लामा, निवासी वार्ड नंबर-08, बाणगंगा क्षेत्र, जिला कपिलवस्तु, नेपाल के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम बाणगंगा क्षेत्र में तीन किशोर नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों डूबने लगे। स्थानीय लोगों और नेपाल पुलिस की रेस्क्यू टीम ने रीदम लामा (14) और सीजन थापा (16) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रियाज लामा का पता नहीं चल सका।
बताया गया कि रियाज का बड़ा भाई रीदम भी उसके सामने ही तेज बहाव में बह गया था। हालांकि बाद में रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित निकाल लिया। रियाज के लापता होने के बाद नेपाल पुलिस और परिजनों ने देर रात तक नदी के आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के बगुलहवा गांव के पास राप्ती नहर के सायफन में ग्रामीणों की नजर पानी में फंसे शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर शोहरतगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो सकी। बाद में नेपाल से मिली जानकारी और परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद शव रियाज का होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में नदी और नहरों के तेज बहाव के बीच शव मिलने से स्थानीय स्तर पर भी घटना चर्चा का विषय बनी रही।