पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, कमाने वाले विजय की मौत
परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य विजय शर्मा के चले जाने से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ-बढ़नी मार्ग पर राप्ती मुख्य नहर पुल के पास मधवानगर मोड़ पर शुक्रवार रात पिकअप की टक्कर से बाइक सवार विजय शर्मा (46) की मौत हो गई। गंभीर हालत में पीएचसी बढ़नी से मेडिकल कॉलेज रेफर विजय ने रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप कब्जे में ले ली है।गजेहड़ी उर्फ मधवानगर निवासी विजय शर्मा पुत्र राम नेवास शर्मा नाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ढेबरुआ की ओर से आ रही पिकअप ने मधवानगर मोड़ पर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची ढेबरुआ पुलिस ने उन्हें पीएचसी बढ़नी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।विजय की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी माया देवी (42), बेटियां प्रतीक्षा (17), दीक्षा (15), नेहा (13) और पुत्र शुभम (12) का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य चले जाने से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।एसओ चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि पिकअप कब्जे में है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।