रावत के फैसले से कांग्रेस में सियासी हलचल, दो अहम पदों से हटने का ऐलान
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी के दो अहम संगठनात्मक पदों से हटने की घोषणा की है।
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी के दो अहम संगठनात्मक पदों से हटने की घोषणा की है। रावत ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य पद से हटने का फैसला किया है। यह घोषणा उनके पूर्व ओएसडी जीना से संबंधित मामले को लेकर सामने आई खबरों के बीच हुई है।रावत ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि उनके पूर्व ओएसडी जीना से संबंधित खबरें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि मामले के वास्तविक तथ्य आने वाले समय में स्पष्ट होंगे। रावत ने यह भी कहा कि जीना उनके साथ विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और उनके अनुभव में वह सज्जन, विनम्र तथा काम करने वाले व्यक्ति रहे हैं।अपने बयान में रावत ने ग्राम सेवकों की भर्ती में ओएमआर शीट से छेड़छाड़ की बात का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई प्रमाण सामने आता है तो वह ऐसे कृत्य से लज्जित होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि फिलहाल वह इस संबंध में सामने आई बातों पर विश्वास नहीं करते।रावत ने स्पष्ट किया कि वह किसी सरकारी पद पर नहीं हैं, इसलिए सरकारी पद से इस्तीफे का प्रश्न नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष कर रही है और आगामी चुनाव में पार्टी के इस अभियान को उनकी वजह से कोई कमजोरी नहीं आनी चाहिए। इसी वजह से उन्होंने दोनों संगठनात्मक पदों से हटने का निर्णय लिया है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।