काठमांडू। नेपाल पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में भोटेकोशी बाढ़ के बाद खोज, बचाव, राहत और पुनर्वास अभियान में जुटे सुरक्षाकर्मियों को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर आपत्ति जताई गई है। पुलिस ने राहत सामग्री सुरक्षाकर्मियों द्वारा खुद रख लेने, उसका वितरण नहीं करने और सामग्री खराब होने जैसे आरोपों को आधारहीन और तथ्यहीन बताया है।नेपाल पुलिस के प्रवक्ता अबिनारायण काफ्ले ने मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि सोशल मीडिया पर सेना और पुलिस समेत सुरक्षा निकायों को निशाना बनाकर इस तरह की अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। विज्ञप्ति के अनुसार, नेपाल पुलिस के पास कोई राहत सामग्री भंडारित नहीं है।पुलिस मुख्यालय ने कहा कि आपदा के दौरान सुरक्षाकर्मी नागरिकों की जान बचाने, खोज एवं बचाव तथा मानवीय सहायता के कार्य में लगातार जुटे हैं। ऐसे संवेदनशील समय में सुरक्षा निकायों पर कपोलकल्पित आरोप लगाने से सुरक्षाकर्मियों का मनोबल प्रभावित होने के साथ आम नागरिकों में अविश्वास पैदा हो सकता है और राहत एवं आपदा प्रबंधन अभियान भी प्रभावित हो सकता है।प्रवक्ता काफ्ले ने नागरिकों से अपील की कि आपदा जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में अफवाह और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। उन्होंने कहा कि नेपाल पुलिस समेत सुरक्षा निकाय नागरिकों की सुरक्षा, खोज-बचाव और मानवीय सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं।