जमीन विवाद में चली गोली, एक की मौत, बहन घायल
सदर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर खुर्द गांव में शनिवार सुबह जमीन और रास्ते को लेकर हुए विवाद में गोली चलने से 40 वर्षीय रामशंकर रस्तोगी की मौत हो गई, जबकि उनकी बहन घायल हो गईं।
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर खुर्द गांव में शनिवार सुबह जमीन और रास्ते को लेकर हुए विवाद में गोली चलने से 40 वर्षीय रामशंकर रस्तोगी की मौत हो गई, जबकि उनकी बहन घायल हो गईं। घायल महिला का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।गोली चलने की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर छानबीन शुरू की। पुलिस ने मामले में दूसरे पक्ष के परिवार से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और सदर क्षेत्राधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि विवादित जमीन उनके और उनके बड़े भाई के नाम दर्ज है और जमीन को लेकर न्यायालय से स्थगन आदेश भी है। आरोप है कि फर्जी बैनामे के जरिए जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान सीसी सड़क और नाली पर स्लैब निर्माण को लेकर विवाद बढ़ा और गोली चला दी गई।एएसपी प्रशांत कुमार के अनुसार, विवाद नाली पर स्लैब डालने को लेकर हुआ था। दूसरे पक्ष के पास लाइसेंसी राइफल थी, जिससे गोली चलने पर रामशंकर गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल में उनकी मौत हो गई। फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक लिखित तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।