बढ़नी (सिद्धार्थनगर)।  शनिवार को शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने सी एचसी निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के पुराने भवन के ध्वस्तीकरण, परिसर से मलबा हटाने और निर्माण स्थल तक आवागमन का रास्ता सुचारु कराने के निर्देश दिए। विधायक ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को 48 घंटे के भीतर पुराने भवन का ध्वस्तीकरण पूरा कराने और मलबा परिसर से बाहर हटवाने को कहा।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार दोहरे, मुख्य विकास अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने प्रस्तावित निर्माण स्थल का जायजा लेने के साथ निर्माण शुरू होने से पहले की जा रही तैयारियों की जानकारी ली।पुराने भवन और परिसर में पड़े मलबे की स्थिति पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले स्थल पूरी तरह खाली होना चाहिए। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी को निर्देश दिया कि तय समय सीमा में ध्वस्तीकरण और मलबा हटाने की कार्रवाई पूरी कराई जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर वाहनों की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए, ताकि निर्माण सामग्री पहुंचाने और अन्य कार्यों में दिक्कत न आए।विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएचसी निर्माण से संबंधित सभी प्रारंभिक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।मौके पर संबंधित अधिकारियों ने निर्माण कार्य की तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की जानकारी विधायक को दी। विधायक ने शेष कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।इस दौरान कार्य दाई संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज के अवर अभियंता जय हिंद पासवान, डॉ. आरजी सिंह, ठेकेदार अजीत सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष यादव समेत स्वास्थ्य विभाग और निर्माण एजेंसी से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे