काठमांडू : नेपालl दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्युन शनिवार को चार्टर्ड विमान से काठमांडू पहुंचे। तीन दिन के नेपाल दौरे के दौरान वह नेपाली विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद चल रहे खोज, बचाव और राहत कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत होगी।
नेपाल के विदेश मंत्री के सचिवालय के अनुसार, बैठक में बाढ़ के बाद की स्थिति और राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति पर चर्चा की जाएगी। चो ह्युन विशेष रूप से बाढ़ में लापता हुए नौ दक्षिण कोरियाई नागरिकों की तलाश के बारे में जानकारी लेंगे।
गत 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ ने अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना के निर्माण स्थल को भारी नुकसान पहुंचाया था। हादसे के बाद परियोजना में कार्यरत नौ दक्षिण कोरियाई नागरिक लापता हो गए। इनमें दोसान एनर्जीबिलिटी के छह और कोरिया साउथ-ईस्ट पावर के तीन कर्मचारी शामिल हैं।
इससे पहले चो ह्युन ने नेपाली विदेश मंत्री शिशिर खनाल से टेलीफोन पर बातचीत कर लापता नागरिकों की खोज एवं बचाव अभियान को तेज करने का आग्रह किया था।
सूत्रों के मुताबिक, दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्री रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। इस दौरान वह राहत-बचाव कार्यों का जायजा लेने के साथ लापता नागरिकों की तलाश के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ले सकते हैं। उनका दौरा हादसे के बाद नेपाल और दक्षिण कोरिया के बीच राहत एवं मानवीय सहयोग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।