नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को देश के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर बने रहने की उपलब्धि पर बधाई दी है। मोदी ने कहा कि मेलोनी की यह उपलब्धि उनके नेतृत्व के प्रति इटली की जनता के भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक संदेश में कहा कि वह अपनी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि मेलोनी के नेतृत्व में इटली की जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।मोदी ने भारत-इटली संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच मित्रता ने भारत और इटली की विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध लगातार व्यापक और मजबूत हो रहे हैं।प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के लोगों के लिए समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में करीबी सहयोग जारी रखने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि भारत और इटली के बीच सहयोग के कई महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं और आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मिलकर काम किया जाएगा।