बढनी सिद्धार्थ नगर l  नगर पंचायत बढनी कार्यालय परिसर में गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर विशेष पहल की गई। नगर में साफ-सफाई का कार्य सुचारू रूप से संचालित करने और कर्मचारियों को कार्य के दौरान होने वाले संभावित खतरों से बचाने के उद्देश्य से नगर पंचायत बढनी के अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने सफाई कर्मचारियों को पीपीई किट सहित विभिन्न सुरक्षा उपकरण वितरित किए।इस दौरान सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा जूते, हेलमेट, दस्ताने, चश्मे और पीपीई किट प्रदान किए गए। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतिदिन नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के दौरान उन्हें कई तरह के जोखिमों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे सफाई कार्य के दौरान उपलब्ध कराए गए सुरक्षा उपकरणों का नियमित रूप से इस्तेमाल करें और पूरी सावधानी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होने से वे अधिक सुरक्षित और बेहतर तरीके से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत कर सकेंगे।सुरक्षा उपकरण मिलने पर सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में रिषभ मोदनवाल, रामराज कन्नौजिया, बृजेश अग्रहरि, सफाई नायक आज्ञाराम, सफाई नायक चंद्रप्रकाश सहित कर्मचारी मुमताज अली, रमेश, सुशील, अशर्फी, राजू, जगदीश, भगौती, सेवालाल, राजेश और अनिल समेत समस्त सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।