सिद्धार्थनगर। महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बिजली की कीमतों में वृद्धि, किसानों को खाद की उपलब्धता तथा कानून-व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।प्रदर्शन में डुमरियागंज विधायक सैयदा खातून, पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह और सपा नेता उग्रसेन प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम लोगों के सामने आर्थिक चुनौतियां बढ़ी हैं। उन्होंने पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बिजली की कीमतों के साथ खाद्य पदार्थों, विशेषकर चीनी के दामों में वृद्धि का मुद्दा उठाया। उन्होंने किसानों को पर्याप्त मात्रा में समय से खाद उपलब्ध कराने की मांग की।कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सपा नेताओं ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं ने अपराध और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। वहीं डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के पिपरा रामलाल में मदरसे और मस्जिद को गिराए जाने के मामले को लेकर सपा ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। पार्टी का कहना है कि संबंधित भूमि और निर्माण से जुड़े मामले न्यायिक अथवा प्रशासनिक स्तर पर विचाराधीन थे और पूरे प्रकरण की जांच की जानी चाहिए। सपा ने मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।सपा नेताओं ने कहा कि जनहित के मुद्दों के समाधान के साथ संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता द्वारा बदलाव किए जाने की उम्मीद भी जताई।कार्यक्रम में अनिल सिंह, नागेंद्र नाथ चतुर्वेदी, मुरलीधर मिश्रा, मोनू दुबे, अजय चौधरी, अफसर रिजवी, विभा शुक्ला समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।