बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्टेशन परिसर में शव पड़ा देख स्थानीय लोगों ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे और शव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी ले गए, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की जेब से मिले गेट पास और पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान राजेंद्र (50) पुत्र रमई, निवासी बेतहनिया करहिया, थाना पचपेड़वा, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि राजेंद्र गोवा में रहकर काम करता था और वहां से कमाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।मृतक का शव केवल शर्ट और अंतःवस्त्र में मिला, जबकि उसकी पैंट मौके पर नहीं थी। इस स्थिति ने घटना को और संदिग्ध बना दिया है। हालांकि, उसकी मौत किस परिस्थिति में हुई और कपड़े अलग होने के पीछे क्या कारण है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।घटना की सूचना मिलने के बाद ढेबरुआ पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।फिलहाल पुलिस स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मृतक के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।