शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर l मंगलवार को बानगंगा बैराज नदी घाट के फाटक संख्या 16 के उत्तरी तरफ नदी में डूबने से 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक फाटक संख्या 16 के उत्तर तरफ बने कंक्रीट के बेंच पर बैठा हुआ था। शाम करीब चार बजे अचानक उसने नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदता देख फाटक संख्या एक के फील्ड की तरफ बैठे मछुआरा समुदाय के लोगों और बैराज कर्मियों ने उसे बचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू कर दिया। युवक को बचाने के लिए नदी में जाल डाला गया। काफी प्रयास के बाद जाल की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान निजामुद्दीन पुत्र मोहम्मद मजीद, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी सकीना और दो नाबालिग बेटियों को छोड़ गया है। बेटियों की उम्र क्रमशः 13 और 8 वर्ष बताई जा रही है। पति की मौत के बाद पत्नी सकीना का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार निजामुद्दीन गांव-गांव घूमकर बिसाता यानी कॉस्मेटिक सामान बेचने का काम करता था। कभी-कभी मजदूरी कर भी परिवार का भरण-पोषण करता था।
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसआई राजकुमार यादव और एसआई परमानंद राय ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि बानगंगा बैराज पर चार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जहां अधिक भीड़ रहती है, वहां पुलिसकर्मी मौजूद रहते हैं। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या की बात भी सामने आ रही है। मृतक को सांस फूलने की समस्या होने की जानकारी भी मिली है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद बानगंगा बैराज की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है। लोगों के मुताबिक पूर्व में बैराज क्षेत्र में पुलिस चौकी निर्माण की बात उठी थी, लेकिन किन्हीं कारणों से मामला आगे नहीं बढ़ सका। वहीं बैराज पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाए जाने के बावजूद इस तरह की घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बानगंगा बैराज में एक और हादसा, नदी में डूबने से युवक की मौत!
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर l बानगंगा बैराज में युवक की मौत से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।