सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी खुनवा की संयुक्त गश्ती पार्टी ने चार बोरी यूरिया खाद के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल और एक साइकिल भी बरामद की गई है। वहीं मौके से एक अन्य व्यक्ति नेपाल की ओर भागने में सफल रहा।एसएसबी के अनुसार, एक सितंबर 2026 को आसूचना के आधार पर संयुक्त गश्ती दल सीमा स्तंभ संख्या 556 से करीब 400 मीटर की दूरी पर तैनात था। इसी दौरान दो व्यक्ति मोटरसाइकिल और साइकिल से भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। गश्ती दल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। एसएसबी को देखते ही दोनों व्यक्ति वाहन और उस पर लदा सामान छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगे।जवानों ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति नेपाल की ओर भागने में सफल रहा। मौके पर जांच के दौरान चार बोरी यूरिया खाद, एक मोटरसाइकिल और एक साइकिल बरामद हुई।पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम पीताम्बर गिरी, निवासी शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर बताया। एसएसबी के मुताबिक बरामद यूरिया और वाहनों के संबंध में वह वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पकड़े गए व्यक्ति तथा बरामद सामान को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, खुनवा के सुपुर्द कर दिया गया।