सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुंहचुरवा घाट के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए इटवा थाना क्षेत्र के कपिया गांव निवासी ई-रिक्शा चालक हरिश्चंद्र पुत्र रामगुलाम का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिद्धार्थनगर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार हरिश्चंद्र रात करीब 11:30 बजे ई-रिक्शा लेकर घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों से ट्रेन देखने जाने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। गश्त के दौरान पुलिस को मुंहचुरवा घाट के किनारे लावारिस हालत में ई-रिक्शा मिला। वाहन के पास मोबाइल फोन और खून के छींटे मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर अनहोनी की आशंका जताई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। हरिश्चंद्र की तलाश में एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और कई थानों की पुलिस टीमों ने बूढ़ी राप्ती नदी में सघन अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान मुंहचुरवा घाट से करीब 8 किलोमीटर पूर्व मिश्रोलिया थाना क्षेत्र के सोनवरसा घाट के पास नदी में हरिश्चंद्र का शव मिला। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से मौत की असली वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।