मुँहचुरवा घाट पर युवक लापता, मोबाइल और खून के छींटों से बढ़ा रहस्य
मुँहचुरवा घाट पर युवक लापता, मोबाइल और खून के छींटों से बढ़ा रहस्य, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, एनडीआरएफ समेत तीन थानों की पुलिस तलाश में जुटी
सिद्धार्थनगर। बूढ़ी राप्ती नदी के मुँहचुरवा घाट से ग्राम कपिया निवासी हरिश्चंद्र पुत्र रामगुलाम के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया है। युवक के घाट के पास मोबाइल, निजी सामान और खून के छींटे मिलने के बाद परिजनों ने उसके साथ अनहोनी की आशंका जताई है।परिजनों के मुताबिक, हरिश्चंद्र रात करीब 11 बजे अपने टैम्पू से बढ़नी जाने के लिए घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। मुँहचुरवा घाट के पास उसका मोबाइल और कुछ निजी सामान मिलने के साथ ही खून के निशान भी दिखाई दिए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया है। नदी और आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक हरिश्चंद्र का कोई सुराग नहीं मिल सका है।परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक के बरामद होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी l
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।