लखनऊ, 30 अगस्त। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में हुए बदलाव की सराहना की। रविवार को वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा के लोकार्पण समारोह में उन्होंने कहा कि कभी देश के पिछड़े राज्यों में गिना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश के शीर्ष तीन राज्यों में खड़ा है।राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले बेटियों की सुरक्षा को लेकर माता-पिता चिंतित रहते थे, लेकिन अब अपराधी और उनके परिवार वाले चिंतित रहते हैं। महिलाओं को गलत नजर से देखने वालों के हौसले योगी सरकार ने चकनाचूर कर दिए हैं।उन्होंने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष और मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों और वीरांगनाओं के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।रक्षा मंत्री ने पीएसी की तीन महिला बटालियनों के गठन का उल्लेख करते हुए बताया कि लखनऊ में ऊदा देवी, गोरखपुर में झलकारी बाई और बदायूं में अवंतीबाई लोधी के नाम पर बटालियनें स्थापित की गई हैं।उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में महिला पायलटों और सैनिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सैनिक स्कूलों में बेटियों के प्रवेश, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं के जरिए सरकार महिलाओं को अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता देने की दिशा में काम कर रही है।