चीन के प्रधानमंत्री ली छ्यांग चीन–नेपाल सीमा के आपदा प्रभावित क्षेत्र पहुंचे
चीन–नेपाल सीमा क्षेत्र में विनाशकारी भूस्खलन और बाढ़ से मची तबाही का जायजा लेने के लिए चीन के प्रधानमंत्री ली छ्यांग गुरुवार को तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी स्थित प्रभावित क्षेत्र पहुंचे।
चीन–नेपाल सीमा क्षेत्र में विनाशकारी भूस्खलन और बाढ़ से मची तबाही का जायजा लेने के लिए चीन के प्रधानमंत्री ली छ्यांग गुरुवार को तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी स्थित प्रभावित क्षेत्र पहुंचे। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, उन्होंने वहां 500 से अधिक लापता लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान का निरीक्षण किया।चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, राष्ट्रपति शी चिनफिंग के निर्देश पर प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ग्यिरोंग टाउन के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर चल रहे आपातकालीन राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।ली छ्यांग ने राहत एवं बचाव अभियान में जुटे कर्मचारियों से मुलाकात की और उनके प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने आपदा प्रभावित स्थानीय लोगों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं।चीन–नेपाल सीमा के हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ से व्यापक नुकसान हुआ है। इसका असर नेपाल के रसुवा जिले और भोटेकोशी नदी क्षेत्र में भी पड़ा है।आपदा के बीच चीनी प्रधानमंत्री का प्रभावित क्षेत्र का दौरा राहत एवं बचाव अभियान को लेकर चीन की गंभीरता को दर्शाता है। फिलहाल लापता लोगों की तलाश और प्रभावित नागरिकों तक राहत पहुंचाने का अभियान जारी है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।