नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल पुलिस मुख्यालय के अनुसार शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक विभिन्न जिलों से 489 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं आम नागरिकों समेत 2,381 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।नेपाल पुलिस के अनुसार रसुवा में 13, धादिङ में 40, तनहुँ में 29, नुवाकोट में 37, गोरखा में 44, चितवन में 186, नवलपरासी पूर्व में 112 और नवलपरासी पश्चिम में 28 शव मिले हैं।पुलिस प्रवक्ता एवं पुलिस नायब महानिरीक्षक अबिनारायण काफ्ले के मुताबिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से अब तक 1,545 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें रसुवा से 572, नुवाकोट से 898 और धादिङ से तीन लोगों का रेस्क्यू किया गया है।बाढ़ में घायल लोगों को विभिन्न स्थानों से निकालकर काठमांडू लाया गया है। पुलिस के अनुसार राजधानी के अलग-अलग अस्पतालों में 87 घायलों का उपचार चल रहा है।इस प्राकृतिक आपदा में सुरक्षा और सरकारी तंत्र के कई कर्मचारी भी लापता हैं। नेपाली सेना के 44, नेपाल पुलिस के 28, सशस्त्र पुलिस बल के 13, टिमुरे सीमा शुल्क कार्यालय के 15 तथा अध्यागमन कार्यालय के चार कर्मचारी अब तक संपर्क में नहीं आए हैं।बाढ़ के बाद प्रभावित क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल सहित विभिन्न एजेंसियों की टीमें जोखिम वाले इलाकों में लगातार खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं।भोटेकोशी की इस त्रासदी ने नेपाल के कई जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बढ़ती मृतक संख्या और हजारों लोगों के लापता होने से राहत एवं बचाव एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।