काठमांडू। नेपाल में बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल नुवाकोट के विदुर और आसपास के इलाकों का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह गुरुवार दोपहर काठमांडू लौट आए। प्रधानमंत्री शाह गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे सड़क मार्ग से बुनियादी ढांचा विकास मंत्री सुनील लम्साल सहित नुवाकोट के लिए रवाना हुए थे।नुवाकोट पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली टीम ने बाढ़ प्रभावित बस्तियों का दौरा कर वहां की भौतिक स्थिति और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों, सार्वजनिक ढांचे तथा अन्य प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया।बुधवार को रसुवा की ओर से भोटेकोशी नदी में आए बाढ़ के तेज बहाव ने नदी तटीय क्षेत्रों में व्यापक नुकसान पहुंचाया था। घटना के बाद प्रधानमंत्री शाह राहत एवं बचाव अभियान को प्रभावी बनाने के लिए लगातार सक्रिय रहे। उन्होंने बाढ़ के तत्काल बाद उच्चस्तरीय बैठकें बुलाकर संबंधित सरकारी निकायों को राहत, बचाव और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आवश्यक निर्देश दिए थे।नुवाकोट दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा निकायों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की। अधिकारियों ने उन्हें बाढ़ से हुए नुकसान, राहत एवं बचाव अभियान तथा प्रभावित परिवारों की स्थिति के बारे में जानकारी दी।प्रधानमंत्री शाह ने विस्थापित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बाढ़ के कारण अवरुद्ध सड़कों और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में दीर्घकालीन पुनर्वास और पुनर्स्थापना के कार्यों में तेजी लाने को कहा।प्रधानमंत्री के इस दौरे को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जमीनी स्थिति समझने और आगे की कार्ययोजना को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।Image: फेसबुक (साभार)