भोटेकोशी, नेपाल में बाढ़ की तबाही पर मित्र देशों ने जताई चिंता, भारत ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया
भोटेकोशी, नेपाल में बाढ़ की तबाही पर मित्र देशों ने जताई चिंता, भारत ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया
काठमांडू। नेपाल के भोटेकोशी क्षेत्र में बुधवार आई विनाशकारी बाढ़ से हुई भारी जन-धन की क्षति पर विदेशी मित्र देशों ने गहरी चिंता और दुख व्यक्त किया है। बाढ़ से व्यापक नुकसान होने के बाद भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों ने नेपाल के प्रति एकजुटता जताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बातचीत कर भोटेकोशी बाढ़ में हुई जन-धन की क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की। मोदी ने कहा कि इस कठिन समय में भारत की जनता नेपाल के लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने नेपाल को आवश्यक मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की भारत की तत्परता भी जताई।प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर फोन पर हुई बातचीत की जानकारी साझा करते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भारतीय दल नेपाली पक्ष के साथ करीबी समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने संकट की इस घड़ी में नेपाल को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।भोटेकोशी बाढ़ में हुई जन-धन की क्षति पर अमेरिका ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। दूतावास ने कहा कि वह घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है और नेपाली अधिकारियों के संपर्क में है।इसी बीच नेपाल स्थित ऑस्ट्रेलिया, यूरोपीय संघ, फिनलैंड, फ्रांस, नॉर्वे, स्विट्जरलैंड और ब्रिटेन के दूतावासों ने संयुक्त बयान जारी कर विनाशकारी बाढ़ से हुई तबाही पर दुख जताया। सभी देशों ने इस मुश्किल घड़ी में नेपाली जनता के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।