कृष्णानगर।नेपाल। पड़ोसी मित्र राष्ट्र नेपाल के कृष्णानगर कस्बे में पुराने बस पार्क के पास नेपाली पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 10 किलोग्राम अफीम और 5.225 ग्राम चरस बरामद होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, दो अन्य महिला को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जिसके पास से कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ।मिली जानकारी के अनुसार इलाका पुलिस कार्यालय कृष्णानगर के इंस्पेक्टर कृष्ण बहादुर कुमार के नेतृत्व में करीब 11 नेपाली पुलिसकर्मी नियमित गश्त पर निकले थे। इसी दौरान पुराने बस पार्क के पास 5 महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं। पुलिस ने संदेह के आधार पर उनकी तलाशी ली तो भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ।पुलिस के अनुसार दाङ जिले की राप्ती गांवपालिका क्षेत्र की 34 वर्षीय राति मा रोका के पास से 5.225 ग्राम चरस बरामद हुई। कपिलवस्तु जिले की विजयनगर गांवपालिका निवासी 45 वर्षीय फनीसरा सारु  के पास से करीब पांच किलोग्राम अफीम बरामद की गई। इसी तरह 56 वर्षीय नन्सरी धर्ती मगर के पास से भी करीब पांच किलोग्राम अफीम बरामद होने की बात कही गई है।वहीं, 43 वर्षीय विमला पुनजो, जो मूल रूप से नेपाल के परसा जिले की रहने वाली बताई गई है और वर्तमान में विजयनगर क्षेत्र में रह रही थी, तथा 48 वर्षीय चुम्मा लामिछाने लानी  को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। हालांकि इनके पास से किसी प्रकार के मादक पदार्थ की बरामदगी नहीं हुई।पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर सभी आरोपित महिलाओं के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में नेपाली पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।