मरीजों से लिया फीडबैक, लेबर रूम और अभिलेखों की जांच; अस्पताल परिसर में दिखे दवा दुकानों के आसपास मंडराते संदिग्ध लोग
रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बढ़नी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय दोहरे ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
बढनी सिद्धार्थनगर। रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बढ़नी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय दोहरे के अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में हलचल मच गई। छुट्टी का दिन होने के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ कम थी। इसके बावजूद सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने का प्रयास किया।सीएमओ ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर दवा, जांच और उपचार की सुविधाओं के बारे में सीधे जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से पूछा कि इलाज के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है और अस्पताल से मिलने वाली सुविधाओं से वे संतुष्ट हैं या नहीं। मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने लेबर रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं और नवजात शिशुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रसव के दौरान महिलाओं और नवजातों की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सीएमओ ने मेडिकोलीगल रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने रजिस्टर में दर्ज विवरण और संबंधित रिकॉर्ड का अवलोकन करते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं की स्थिति जानी। इसके साथ ही दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों के उपचार की व्यवस्था की भी जानकारी ली।इस बीच अस्पताल परिसर के आसपास ऐसे कुछ लोग भी नजर आए, जो डॉक्टरों द्वारा लिखी गई छोटी पर्चियां लेकर आसपास की दवा दुकानों की ओर आते-जाते दिखाई देते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार ऐसे कुछ सफेदपोश किस्म के लोग अक्सर अस्पताल और दवा दुकानों के बीच चक्कर लगाते रहते हैं। हालांकि, निरीक्षण के दौरान उनकी भूमिका या किसी मरीज से उनके संपर्क को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की ओर से इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी माना जा रहा है।सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी न हो।निरीक्षण के दौरान पीएचसी प्रभारी डॉ. अविनाश चौधरी, डॉ. प्रदीप वर्मा, फार्मासिस्ट रामसहाय वर्मा, अमृता, स्टाफ नर्स योगेंद्र सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। रविवार को सीएमओ के औचक निरीक्षण को लेकर अस्पताल परिसर में लोगों के बीच भी चर्चा बनी रही।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।