बाइक में बुर्का फंसने से सड़क पर गिरी महिला, इलाज के दौरान मौत
बाइक में बुर्का फंसने से सड़क पर गिरी महिला, इलाज के दौरान मौत
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। ढेबरूआ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसंतपुर निवासी नूरजहां (55) शनिवार, 22 अगस्त को अपने दामाद इरशाद के साथ दवा कराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी आई थीं। उपचार कराने के बाद उन्होंने बढ़नी बाजार में जरूरी सामान की खरीदारी की। बाजार का काम निपटाने के बाद वह अपने दामाद के साथ मोटरसाइकिल से गांव लौट रही थीं।बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक नूरजहां का बुर्का (नकाब) मोटरसाइकिल में फंस गया। इससे वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद दामाद इरशाद उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी लेकर पहुंचे।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर प्रदीप कुमार वर्मा और डॉक्टर नविदिता यादव ने नूरजहां की जांच की। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस दुर्घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्राम प्रधान इमरान अहमद, अखलेश सहित अन्य लोगों ने नूरजहां के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और घटना पर दुख जताया।लोगों ने बाइक से यात्रा करने वाले वाहन चालकों और सवारियों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर मोटरसाइकिल पर बैठते समय कपड़े, दुपट्टे, बुर्के या अन्य ढीले वस्त्रों को सुरक्षित रखने की जरूरत है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।