बढ़नी सिहार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी नगर पंचायत के वार्ड सात स्थित कल्लनडीहवा में सर्पदंश से 16 वर्षीय किशोरी अनामिका चतुर्वेदी की मौत हो गईजानकारी के अनुसार, गर्मी के कारण संजय चतुर्वेदी परिवार के कुछ सदस्यों के साथ छत पर सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे उनकी बेटी अनामिका भी छत पर जाने के लिए सीढ़ियों से ऊपर जा रही थी। सीढ़ियों पर अंधेरा होने के कारण वह वहां बैठे सांप को नहीं देख सकी। इसी दौरान सांप ने उसे दो बार डस लिया।सर्पदंश के बाद अनामिका के शोर मचाने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। लाइट जलाकर देखा गया तो सीढ़ियों पर कोबरा सांप बैठा था। स्वजन आनन-फानन में किशोरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. प्रदीप वर्मा के अनुसार, किशोरी को एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) दिया गया और प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।स्वजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, लेकिन रास्ते में करीब रात तीन बजे किशोरी ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।अनामिका गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से परिवार के साथ विद्यालय और आसपास के लोगों में भी शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रिश्तेदारों और परिचितों का घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। स्वजन गहरे सदमे में हैं।