श्रीनगर में मुलाक़ात के बाद साउथ और सेंट्रल एशिया के लिए अमेरिका के विशेष दूत सर्जियो गोर ने पत्रकारों से बातचीत की ओर कहा कि 'यह भारत का अहम हिस्सा है.'

सर्जियो गोर के दौरे के बाद पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद में अमेरिकी चार्ज डी' अफ़ेयर्स को तलब किया है.

पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "आज इस्लामाबाद में अमेरिकी चार्ज डी' अफेयर्स को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और भारत में अमेरिकी राजदूत द्वारा जम्मू और कश्मीर के दौरे के दौरान जम्मू-कश्मीर की स्थिति के बारे में दिए गए तथ्यात्मक रूप से ग़लत बयानों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया."

"पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर को 'भारत का हिस्सा' बताए जाने की कड़ी निंदा की और इसे स्पष्ट रूप से ख़ारिज कर दिया. इस बात पर ज़ोर दिया गया कि जम्मू-कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विवादित क्षेत्र है, जो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रासंगिक प्रस्तावों और कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं के अनुसार अपने अंतिम समाधान का इंतज़ार कर रहा है."

भारत और पाकिस्तान के बीच हमेशा से कश्मीर को लेकर तनाव रहा है. भारत जम्मू-कश्मीर को अपना अभिन्न अंग मानता है. वहीं पाकिस्तान इस मामले में संयुक्त राष्ट्र के दख़ल की वकालत करता है.

5 अगस्त 2019 को भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को ख़त्म कर दिया था. राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख़ में बांट दिया था. 

 Source: BBC https://www.bbc.com/hindi/articles/cj364r1jxk7o