संसद में मर्यादा न लांघें मंत्री-सांसद, रवि लामिछाने की सख्त नसीहत : नेपाल
संसद में मर्यादा न लांघें मंत्री-सांसद, रवि लामिछाने की सख्त नसीहत : नेपाल
काठमांडू। नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के सभापति रवि लामिछाने ने पार्टी के मंत्रियों और सांसदों को संसद में मर्यादित एवं जिम्मेदार आचरण करने की नसीहत दी है। बुधवार को सिंहदरबार स्थित संसदीय दल के कार्यालय में हुई बैठक में उन्होंने अमर्यादित गतिविधियों से बचने और संसदीय गरिमा बनाए रखने का निर्देश दिया।लामिछाने ने कहा कि जनता सांसदों से सवाल कर रही है और सांसद सरकार से सवाल पूछ रहे हैं। ऐसे में मंत्री और सांसद आपसी समन्वय एवं संवाद के साथ काम करें। उन्होंने घमंड छोड़कर स्पष्ट संवाद और सहयोग की भावना से आगे बढ़ने पर जोर दिया। उनका कहना था कि मंत्री और सांसद मिलकर काम करेंगे, तभी सरकार प्रभावी ढंग से जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतर सकेगी।बैठक में सांसदों ने कुछ मंत्रियों की कार्यशैली को लेकर शिकायतें भी रखीं। इस पर लामिछाने ने कहा कि मंत्रियों की कार्यशैली में सुधार किया जाएगा, लेकिन फिलहाल मंत्रियों में बदलाव नहीं होगा। उन्होंने मंत्रियों को प्रचार से अधिक काम के परिणाम पर ध्यान देने की सलाह दी।लामिछाने ने सांसदों को सरकार के कामकाज की संसद में आलोचनात्मक समीक्षा करने और आवश्यक सवाल उठाने की अनुमति दी, लेकिन विपक्षी सांसदों के वक्तव्यों पर अनावश्यक विवाद या प्रतिवाद से बचने को कहा।उन्होंने सांसदों और मंत्रियों की गतिविधियों में पारदर्शिता पर भी जोर दिया। संसद में बोलने के विषय, यात्राओं और महत्वपूर्ण मुलाकातों की जानकारी पार्टी को देने का निर्देश दिया।बैठक में संसदीय दल के विधान में संशोधन के लिए मुख्य सचेतक कबिन्द्र बुर्लाकोटी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कार्यदल गठित किया गया। आगामी बैठक प्रधानमंत्री एवं दल के नेता वालेन्द्र शाह की मौजूदगी में होगी।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।