बढ़नी। सिद्धार्थनगर विकास खंड बढ़नी के बसन्तपुर गांव में सड़क निर्माण का काम ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण शुरू हुए करीब एक माह बीतने को है, लेकिन निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े रोड़े और निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया और छोटे वाहनों के चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का भी समुचित ध्यान नहीं रखा जा रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। सड़क पर पड़े रोड़ों और कीचड़ के कारण राहगीरों के फिसलने तथा दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि निर्माण का ठेका नेता के करीबी व्यक्ति को मिला है, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर शिकायत करने में लोग खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का सवाल है कि यदि जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी जनता की समस्याओं को नहीं सुनेंगे तो आम नागरिक अपनी शिकायत लेकर आखिर किसके पास जाए?
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति और ठेकेदार की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही सड़क से तत्काल रोड़े की  समस्या का निराकरण कर आवागमन सुचारु कराने तथा मानकों के अनुरूप निर्माण पूरा कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग ग्रामीणों की परेशानी कब तक दूर करता है।