काठमांडू। नेपाल में भोटेकोशी नदी की विनाशकारी बाढ़ और पहाड़ी इलाकों में हुए भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। शनिवार सुबह सात बजे तक बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 616 हो गई है। नेपाल पुलिस के अनुसार रसुवा, धादिंग, गोरखा, नवलपरासी पूर्व, चितवन, तनहूं और नवलपरासी पश्चिम समेत कई जिलों में शव बरामद किए गए हैं। नुवाकोट में भी शव मिलने की सूचना है।पुलिस के मुताबिक रसुवा में 13, धादिंग में 45, गोरखा में 48, नवलपरासी पूर्व में 158, चितवन में 233, तनहूं में 31 और नवलपरासी पश्चिम में 47 शव बरामद हुए हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में अभी भी राहत और बचाव अभियान जारी है।बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आए 2,301 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें रसुवा के 676, नुवाकोट के 1,622 और धादिंग के तीन लोग शामिल हैं। राहत एवं बचाव दल प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चला रहे हैं।इस आपदा में 27 पुलिसकर्मी अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में सुरक्षा एजेंसियों की टीमें जुटी हुई हैं। वहीं, काठमांडू घाटी के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती और उपचार के बाद छुट्टी पाए घायलों की संख्या 140 बताई गई है।लगातार बढ़ते मृतक आंकड़े ने नेपाल में आपदा की भयावहता को उजागर कर दिया है। प्रशासन के सामने अब लापता लोगों की तलाश, घायलों का उपचार और प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।