शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5.94 करोड़ से बनेंगी दो प्रमुख सड़कें, 6.60 किमी मार्ग को मिली मंजूरी,
क्षेत्र की कनेक्टिविटी होगी मजबूत, आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मंजूरी दी है। करीब 5.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इन सड़कों से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ ही आम लोगों के आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के अनुसार नौडिहवा पुल एप्रोच से जीतपुर चौराहा तक 3.700 किलोमीटर लंबे मिसिंग लिंक मार्ग के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना पर 321.99 लाख रुपये खर्च होंगे।इसी तरह बानगंगा कैनाल पटरी संपर्क मार्ग से परासपिंडा संपर्क मार्ग तक 2.900 किलोमीटर सड़क के निर्माण को भी मंजूरी मिली है। इसके निर्माण पर 271.69 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है।दोनों परियोजनाओं की कुल लंबाई 6.60 किलोमीटर है और इन पर कुल 593.68 लाख रुपये, यानी करीब 5.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क निर्माण से आसपास के गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर संपर्क मिलेगा। किसानों को कृषि उपज के परिवहन, व्यापारियों को कारोबार और ग्रामीणों को बाजार, स्कूल तथा स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होने की उम्मीद है।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।