काठमांडू। नेपाल के रसुवा जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। बुधवार शाम तक काठमांडू हवाई अड्डे से प्रभावित इलाकों के लिए कुल 49 राहत एवं बचाव उड़ानें संचालित की गईं। इनमें से 36 हेलीकॉप्टर उड़ानें काठमांडू के लिए वापस लौटीं।काठमांडू हवाई अड्डे स्थित आरसीसी कार्यालय के अनुसार बुधवार शाम 5:20 बजे तक निजी और सरकारी हेलीकॉप्टरों के माध्यम से धुन्चे, टिमुरे, स्याफ्रूबेंसी, मैलुंग, त्रिशूली और धादिंग समेत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने और लोगों को सुरक्षित निकालने का काम किया गया। बचाव अभियान के दौरान हेलीकॉप्टरों ने प्रभावित क्षेत्रों में दर्जनों बार शटल उड़ानें भी भरीं।राहत एवं बचाव अभियान में नेपाली सेना के 9 हेलीकॉप्टर काठमांडू हवाई अड्डे से प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किए गए। इसके अलावा फिस्टेल, कैलाश, अल्टिच्यूड, हेली एवरेस्ट, सिम्रिक, अन्नपूर्ण, प्रभु और एयर डायनेस्टी सहित विभिन्न निजी हेलीकॉप्टर कंपनियों के हेलीकॉप्टर भी अभियान में लगाए गए हैं।आरसीसी कार्यालय के मुताबिक नेपाली सेना के 3 हेलीकॉप्टर काठमांडू लौट चुके हैं। हालांकि बचाव अभियान के दौरान प्रभावित क्षेत्रों से काठमांडू लाए गए मरीजों और घायलों की वास्तविक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने, घायलों और बीमार लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा संकट में फंसे लोगों को निकालने का अभियान लगातार जारी है।