नई दिल्ली। एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार ने राहत का बड़ा फैसला किया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की अगली रिफिल बुकिंग के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लागू अलग-अलग समय-सीमा समाप्त कर दी है। अब देशभर के सभी घरेलू उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर एलपीजी रिफिल बुक करा सकेंगे। नया नियम तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश तेल विपणन कंपनियों आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल को दिए गए हैं।
मंत्रालय ने 7 सितंबर 2026 को जारी पत्र में कहा है कि वर्तमान में देश में एलपीजी की आपूर्ति की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है। रिफिल का बैकलॉग भी काफी कम हुआ है। इसी के मद्देनजर मौजूदा बुकिंग अंतराल को तर्कसंगत बनाने का फैसला लिया गया है।
दरअसल, फरवरी 2026 में मध्य-पूर्व में संघर्ष शुरू होने के बाद एलपीजी आपूर्ति पर दबाव को देखते हुए केंद्र ने अस्थायी मांग-प्रबंधन व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत शहरी उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतराल 25 दिन और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन तय किया गया था। इस व्यवस्था के चलते ग्रामीण उपभोक्ताओं को अगला सिलेंडर बुक कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था।
अब सरकार ने ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच यह अंतर खत्म कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर 20 दिन की राहत मिलेगी। यानी पहले जहां 45 दिन बाद अगली रिफिल बुक की जा सकती थी, अब 25 दिन में बुकिंग संभव होगी।मंत्रालय ने तीनों तेल कंपनियों को निर्देश दिया है कि संशोधित व्यवस्था को देशभर में बिना देरी लागू किया जाए। सरकार का यह फैसला एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं की सुविधा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है
गांवों के लिए 45 दिन की बंदिश खत्म, अब 25 दिन में LPG रिफिल
एलपीजी आपूर्ति सुधरने पर केंद्र का बड़ा फैसला, शहरी-ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए समान बुकिंग अंतराल लागू
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।