लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 34 वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्व बदल दिए हैं। तबादला सूची में कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं। इसके साथ ही विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और शासन के महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तैनाती के अनुसार राहुल पाण्डेय को हरदोई, एम. अरुन्मोली को एटा, संजय चौहान को कुशीनगर, महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर, अनुज मलिक को संतकबीरनगर और आलोक कुमार को पीलीभीत का जिलाधिकारी बनाया गया है। ज्ञानेन्द्र सिंह को बलिया और शशांक चौधरी को अमेठी की जिम्मेदारी दी गई है।
दिव्यान्शु पटेल को बागपत, प्रभास कुमार को महोबा, उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर और सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का जिलाधिकारी बनाया गया है। हमीरपुर में भी जिलाधिकारी स्तर पर बदलाव किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में विकास और औद्योगिक संस्थानों से जुड़े पद भी शामिल हैं। विशाल कुमार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। शैलेंद्र भाटिया को यूपीडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। नितिन मदान को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
हिमांशु कौशिक को नगर आयुक्त, नगर निगम मुरादाबाद बनाया गया है। विजय कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी मिर्जापुर और संतोष बहादुर सिंह को सीडीओ मैनपुरी की जिम्मेदारी मिली है। विजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष एवं सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, आगरा बनाया गया है।
जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक और जितेंद्र प्रताप सिंह को राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है। नेहा बंधु को विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा अस्मिता नान, अभिषेक गोयल, मंगला प्रसाद सिंह, निधि श्रीवास्तव, अरविंद सिंह, राजेंद्र पेंसिया, अतुल वत्स और चंद्रशेखर समेत अन्य अधिकारियों के विभाग और दायित्व भी बदले गए हैं। शासन के इस फेरबदल से जिलों के साथ कई प्रमुख प्रशासनिक और विकास संस्थानों में भी नेतृत्व स्तर पर बदलाव हुआ है।