वाराणसी। वाराणसी में यूपी एटीएस से मुठभेड़ में झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) के कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता के ढेर होने का समाचार मिला हैl  बताया जाता है कि बृजेश गंझू पर झारखंड सरकार ने 25 लाख और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।  उसकी गिरफ्तारी पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम था।
एटीएस के मुताबिक, 20 सितंबर की भोर में सूचना मिली कि बृजेश गंझू एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से वाराणसी के टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा है। सूचना के बाद टीम ने रामनगर थाना क्षेत्र में लंका मैदान के पास घेराबंदी की और बाइक सवार दोनों लोगों को रोकने का प्रयास किया।पुलिस के अनुसार, रुकने के बजाय बृजेश गंझू ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से गोलियां चलीं। इस दौरान डिप्टी एसपी विपिन कुमार राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। जैकेट के कारण दोनों सुरक्षित रहे।एटीएस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में बृजेश गंझू घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घायल गंझू को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।एटीएस के अनुसार, घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक कार्बाइन, कारतूस और करीब एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। फरार साथी की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। साथ ही वाराणसी में गंझू की मौजूदगी, उसके संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।