सिद्धार्थनगर। जनपद में भारी बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने 25 सितंबर को कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी कार्यालय से 24 सितंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय जिले में संचालित परिषदीय विद्यालयों के साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई, मान्यता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा।आदेश के अनुसार 25 सितंबर को इन सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद रहेगा। जिलाधिकारी ने संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित संस्था के प्रबंधक, प्रधानाचार्य अथवा प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार माना जाएगा। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।भारी बारिश की चेतावनी:यूपी के प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, अंबेडकर नगर और आस-पास के क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना है.