ग्रेटर नोएडा, 20 सितंबर। उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक क्षमता को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 तैयार है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 (UPITS 4.0) का आयोजन 25 से 29 सितंबर, 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जा रहा है। इवेंट के दौरान प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक का समय बिजनेस ऑवर्स के लिए तय है, जबकि आम जनता दोपहर 3:00 बजे से रात 8:00 बजे तक मुफ्त एंट्री के साथ इस मेले का आनंद ले सकती है।
ट्रेड शो के चौथे संस्करण में 72 देशों और केंद्र शासित प्रदेशों से 600 अंतर्राष्ट्रीय खरीदार शामिल हो रहे हैं, जिसमें जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस जैसे छह प्रमुख देश भागीदार (Partner Countries) के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। यह शो मुख्य रूप से "वोकल फॉर लोकल" और "मेक इन इंडिया" के दृष्टिकोण के साथ उत्तर प्रदेश के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर्स, MSME, ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) के हस्तशिल्प और समृद्ध व्यंजनों का प्रदर्शन करता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में तैयारियों की समीक्षा कर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, आवास और आगंतुक सुविधाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विदेशी खरीदारों और प्रतिनिधियों के लिए आवास तथा परिवहन की समुचित व्यवस्था के साथ समन्वय के लिए लायजन अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए। विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के छात्र आगंतुकों की सहायता के लिए स्वयंसेवक के रूप में तैनात होंगे।
उद्योग से निवेश तक मंथन
ट्रेड शो में उद्योग, निवेश और तकनीक से जुड़े 20 से अधिक नॉलेज सेशन होंगे। संबंधित विभागों के मंत्री और प्रमुख सचिव इनमें शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने सत्रों को विषय-केंद्रित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। प्रदर्शनी में ओडीओपी, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, डिफेंस-एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल एवं ईवी, फार्मा, हेल्थकेयर, टेक्सटाइल, हथकरघा, लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट और पर्यटन समेत प्रमुख क्षेत्रों को जगह मिलेगी। 
करीब 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक हो चुका है। अवध, ब्रज और बुंदेलखंड की भी भागीदारी रहेगी। सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक स्टॉल तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है। आयोजन स्थल पर सीसीटीवी, ईवी चार्जिंग स्टेशन, इंटरनेट, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था रहेगी। पार्किंग से आयोजन स्थल तक आवाजाही के लिए 500 से अधिक ईवी शटल बसें चलाने की योजना है। 
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कथक, पखावज, सितार, भोजपुरी और आल्हा गायन, राई तथा थारू नृत्य शामिल होंगे। युवाओं के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और क्विज आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के मुताबिक ट्रेड शो के प्रचार वीडियो को मेटा प्लेटफॉर्म पर अब तक 1.3 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।