शोहरतगढ़। विशिष्ट आवश्यकता वाले दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को शिवपति इंटर कॉलेज, शोहरतगढ़ में एक दिवसीय उपकरण मापन एवं चिन्हांकन शिविर आयोजित किया गया। समग्र शिक्षा सिद्धार्थनगर (बेसिक शिक्षा विभाग) की ओर से आयोजित शिविर में एलिम्को कानपुर की विशेषज्ञ टीम ने तकनीकी सहयोग दिया।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा करुणापति त्रिपाठी की देखरेख में आयोजित शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 190 दिव्यांग बच्चों का पंजीकरण किया गया। एलिम्को की विशेषज्ञ टीम ने बच्चों की शारीरिक स्थिति और जरूरतों का गहन परीक्षण एवं तकनीकी मापन किया। जांच के बाद 180 बच्चों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया।
चिन्हित बच्चों को नवंबर माह में आयोजित होने वाले वितरण शिविर में उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। बच्चों की आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, बैसाखी, कैलीपर, हियरिंग एड, ब्रेल किट, सीपी चेयर और एमआर टीएलएम किट समेत अन्य सहायक उपकरण दिए जाएंगे। इससे दिव्यांग बच्चों को शिक्षा और दैनिक गतिविधियों में अधिक आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
एलिम्को कानपुर की टीम में कृत्रिम अंग विशेषज्ञ अमर बहादुर व फैसल करीम, ऑडियोलॉजिस्ट बाल गोपाल चौधरी, टेक्नीशियन गौरव तिवारी और डाटा मैनेजर आकाश सैनी ने बच्चों का परीक्षण किया। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. खुर्शीद आलम और विशेष शिक्षकों ने भी शिविर में सहयोग किया।
इस दौरान जिला समन्वयक समेकित शिक्षा करुणापति त्रिपाठी समेत विशेष शिक्षक जितेंद्र कुमार, रामभरत, अभिषेक कुमार, बाबूलाल, पवन, वीरेंद्र, अवनीश त्रिपाठी, सतीश चंद्र, राकेश चौधरी, राघवेंद्र मिश्रा, आज्ञा राम चौधरी, आशीष कुमार, राम सिंह, राजेश त्रिपाठी और प्रद्युम्न सिंह आदि मौजूद रहे।