165 दिव्यांग बच्चों की एक्सपोजर विजिट, तीन बसों से गोरखपुर रवाना
इसके तहत जिले के विभिन्न विकास खंडों से कुल 165 बच्चों को तीन बसों से गोरखपुर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
सिद्धार्थनगर, 3 सितंबर। जनपद के विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों के ज्ञानवर्धन, मनोरंजन और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इसके तहत जिले के विभिन्न विकास खंडों से कुल 165 बच्चों को तीन बसों से गोरखपुर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।जिला समन्वयक (समग्र शिक्षा) करुणापति त्रिपाठी की देखरेख में आयोजित इस यात्रा के लिए नौगढ़, बांसी और डुमरियागंज से बसें रवाना हुईं। गोरखपुर में बच्चे शहीद अशफाक उल्ला खान प्राणी उद्यान, रामगढ़ताल के नौका विहार और रेल म्यूजियम का भ्रमण करेंगे। नौगढ़ से रवाना हुई बस के साथ जिला समन्वयक करुणापति त्रिपाठी भी मौजूद रहे।बांसी में विधायक राजा जय प्रताप सिंह ने बच्चों से संवाद करने के बाद बस को हरी झंडी दिखाई। खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने भी बच्चों को शुभकामनाएं दीं। इस बस में बांसी, मिठवल और खेसरहा विकास खंड के बच्चे शामिल रहे।नौगढ़ में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जिला समन्वयक के साथ बच्चों से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अमित कुमार शुक्ल और आशीष सिंह भी उपस्थित रहे। इस बस में बढ़नी, शोहरतगढ़, नौगढ़, लोटन, उसका बाजार, जोगिया और बर्डपुर विकास खंड के बच्चे शामिल रहे।डुमरियागंज में खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार शुक्ल ने बस को रवाना किया। इसमें खुनियांव, इटवा, भनवापुर और डुमरियागंज विकास खंड के बच्चे शामिल रहे।बच्चों की सुरक्षा और देखरेख के लिए विशेष शिक्षकों के साथ प्रति बस दो केयरटेकर तैनात किए गए। विशेष शिक्षक दीपचंद तथा एक कदम फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी यात्रा में शामिल रहे।अधिकारियों के अनुसार, एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य बच्चों को कक्षा से बाहर व्यावहारिक अनुभव देना, उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना और आत्मविश्वास बढ़ाना है। यात्रा को लेकर बच्चों और शिक्षकों में उत्साह देखा गया।
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
टिप्पणियां
टिप्पणी करने के लिए रीडर लॉगिन करें।